तालाब में तब्दील ऊदपुर विद्युत उपकेंद्र, आवागमन भी हुआ मुश्किल

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थोड़ी सी बारिश होते ही ऊदपुर विद्युत उपकेंद्र फूलपुर तालाब में तब्दील हो गया। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। पिछले कुछ वर्षों से बारिश होते ही यही हाल हो जाता है जिसके चलते विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो जाती है। गुरुवार शाम से शुरू हुई बारिश के बाद फिर से उपकेंद्र परिसर तालाब में तब्दील हो गया।
उपकेंद्र के आसपास भवन निर्माण होने के साथसाथ जल निकासी के बने नाले विलुप्त हो गए जिसके चलते हर साल 4 महीने उपकेंद्र तालाब में तब्दील हो जाता है। गुरुवार की शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार की सुबह तक चलती रही। तालाब में तब्दील उपकेंद्र पर क्षेत्रीय लोगों का छोड़िए कर्मचारी और अधिकारियों का पहुंचना टेढ़ी खीर साबित होता है। परिसर में कीचड़ से उठ रही बदबू ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जीना हराम कर दिया। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। जांच के लिए अधीक्षण अभियंता भी आ चुके हैं। उच्चाधिकारियों की जांच के बाद भी उपकेंद्र की दशा सुधरने का नाम नहीं ले रही है जिसका खामियाजा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। एसडीओ फूलपुर भूप सिंह ने बताया कि केबल में फाल्ट के चलते ओरिल फीडर की आपूर्ति बाधित हुई है जिसे ठीक करने का कार्य चल रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *