अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुबह घर से टहलने निकले दो युवकों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन रौंदते हुए निकल गया। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना शनिवार की सुबह शहर के हाफिजपुर क्षेत्र में हुई। घटना के काफी समय बाद मृतकों की पहचान संभव हो सकी। हादसे की जानकारी होने पर मृतकों के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर ग्राम निवासी 48 वर्षीय श्रवण कुमार यादव सहारा बैंक कार्यालय का संचालन करते थे। रोज की भांति शनिवार को तड़के वह गांव के ही अपने मित्र 45 वर्षीय गुलाब चौहान के साथ टहलने निकले थे। सुबह करीब पांच बजे दोनों व्यक्ति हाफिजपुर से जुनेदगंज बाइपास मार्ग पर टहल रहे थे तभी अज्ञात वाहन ने दोनों को कुचल दिया। सड़क किनारे लगे पानी में दोनो के शव औंधे मुंह पड़े थे,जिसकी वजह से लोग मृतकों की पहचान नहीं कर पा रहे थे। करीब एक घंटे बाद उस मार्ग पर टहलने के लिए गए दोनों शवों को देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। एंबुलेंसकर्मियों ने शव को सीधा किया तो मृतकों की पहचान संभव हो सकी। हादसे में मौत की सूचना पाकर मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक श्रवण के दो पुत्र जबकि दूसरे मृतक गुलाब चौरसिया के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *