हत्या के मुकदमे में वांछित इनामियां दो महिलाएं गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना गम्भीरपुर पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित 15-15 हजार रुपये की इनामिया दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देश पर गठित स्वाट और सर्विलांस टीम के सहयोग से की गई।
बीते 15 अक्तूबर 2022 को ग्राम मुहम्मदपुर में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद खुर्शीद अहमद पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया था। इस हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के संबंध में थाना गम्भीरपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस मामले में मुख्य अभियुक्त नेयाज अहमद और उसके पुत्रों का आरोप पत्र 8 जनवरी 2023 को न्यायालय में दाखिल किया गया था। जबकि उनकी पत्नी सहीदा बानो और पुत्री तरन्नुम लगातार फरार चल रही थीं। इनके विरुद्ध 19 नवंबर 2022 को एनबीडब्ल्यू और 23 दिसंबर 2022 को धारा 82 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की गई थी। 19 फरवरी 2023 को न्यायालय के आदेश पर धारा 83 सीआरपीसी के तहत कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी। 4 मार्च 2023 को पुलिस अधीक्षक द्वारा इन दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह को सूचना मिली कि सहीदा बानो और तरन्नुम विषहम मोड़, ग्राम मंगरावां के पास किसी साधन का इंतजार कर रही हैं। इस सूचना पर थाना गम्भीरपुर और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बसन्तलाल, एसओजी प्रभारी संजय कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी अतुल मिश्रा, उपनिरीक्षक शाबान खान, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र यादव, कांस्टेबल मुकेश यादव, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, ओपी दिनेश यादव, कांस्टेबल विनोद वर्मा, कांस्टेबल अखिलेश चौधरी, महिला कांस्टेबल श्रुति पाठक, शीला यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों महिलाओं से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *