पटवध, आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। संभागीय परिवहन कार्यालय में आए दिन बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और हंगामे की सूचना तो आम बात रही है, लेकिन गुरुवार को मंडलायुक्त मनीष चौहान के निरीक्षण में इसकी पुष्टि भी हो गई। संदिग्ध मिले दो बाहरी व्यक्तियों को उन्होंने पुलिस के हवाले कर दिया। दिन के 11 बजे निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में कार्यरत 12 कर्मचारियों के सापेक्ष मात्र 4 कर्मचारी ही उपस्थित थे। इसी प्रकार सारथी योजना के तहत कार्यरत 8 कार्मिकों के सापेक्ष 5 कार्मिक उपस्थित मिले। मंडलायुक्त ने कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए उनकाएक दिन का वेतन काटने तथा सम्बन्धित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण कर प्राप्त करने हेतु सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) को निर्देशित किया। मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान कार्यालय में मौजूद 7 प्राइवेट व्यक्तियों से भी पूछताछ की। पूछताछ में शिवमंगल एवं रामबदन नामक दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदेहजनक पाए जाने पर उन्हें थाना सिधारी की अभिरक्षा में भेजकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यालय की साफ-सफाई तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव तत्काल सुनिश्चित करें। मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले सामान्य नागरिकों से मृदु व्यवहार किया जाए तथा कार्यालय परिसर में आवांछनीय तत्वों और दलालों के प्रवेश को सख्ती से निषेध किया जाए।
रिपोर्ट-बबलू राय