अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में दो की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी 65 वर्षीय शिवनाथ निषाद पुत्र राजदेव बहिरा देव स्थान पर दर्शन करने गए थे जहां किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने निकट ही 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं मृतक के पुत्र मिट्ठू ने बताया कि मेरे पिता दर्शन करने के बाद वहीं किनारे बैठे थे कि नीरज तिवारी के चार पहिया वाहन से टक्कर लगने से घायल हो गए, तत्पश्चात नीरज तिवारी ने मेरे पिता की हालत गंभीर देख उन्हें 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया जहां पर उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
दूसरी घटना थाना क्षेत्र के सेल्हरा पट्टी गांव के समीप बाईपास के नजदीक हुई जहां योगेंद्र निषाद 55 वर्ष पुत्र भरत अपनी गाय चराने घर से निकले थे। बाईपास के समीप ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। भाजपा नेता धीरज मिश्रा और चांदकला निषाद ने उन्हें 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक योगेंद्र के पास एक लड़का व दो लड़की हैं। पत्नी धनपत्ती का रो-रो कर बुरा हाल है। दोनों शवों को पुलिस अपने कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद