आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अलग-अलग हुई मार्ग दुर्घटनाओं में दो की मौत हो गयी जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के मन्दुरी रोड पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय मिथलेश यादव की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त कैलाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। मिथलेश यादव 26 वर्ष पुत्र रामबचन तहबरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव का निवासी था। अपने मित्र कैलाश यादव 27 वर्ष पुत्र राम चंद्र, के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर शहर से अपने घर लौट रहे थे। मन्दुरी रोड पर उनकी बुलेट अनियंत्रित हो गई, जिसके कारण दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने मिथलेश को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कैलाश घायल हो गया। मिथलेश की शादी पांच महीने पहले, 20 फरवरी को रीता यादव से हुई थी। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था।
दूसरी घटना जीयनपुर थाना क्षेत्र के अजमतगढ़ बाजार में हुई। मुकुंद चंद नगर गांव निवासी अंगद कुमार 33 वर्ष पुत्र लवकुश अजमतगढ़ बाजार में सड़क पार कर रहा था। तभी एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी जिससे अंगद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंगद दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-सुबास लाल