ट्रेलर और कार की भिड़त में दो की मौत, पांच घायल

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सठियांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे के 254 किलोमीटर प्वाइंट पर घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे यह दुर्घटना हुई।
पहले से सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर के पीछे आ रही एक कार भी उससे भिड़ गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
कार चालक की पहचान बिहार के लखीसराय जिला निवासी 39 वर्षीय पवन कुमार मेहता के रूप में हुई है, जबकि ट्रेलर चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। हादसे में कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 37 वर्षीय प्रभात कुमार मेहता, 65 वर्षीय विमला, 45 वर्षीय रमन, 55 वर्षीय बबिता, 49 वर्षीय रूपा मेहता शामिल हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से तत्काल मंडलीय अस्पताल भेजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, सभी यात्री बिहार से बरेली की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को पुनः सुचारू कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *