महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रीष्मकाल के बाद बारिश का मौसम शरीसृपों के लिए अनुकूल माना जाता है। ऐसी स्थिति में शरीसृप मानव जाति के लिए खतरा बन जाते हैं और जन हानि हो जाती है। इसी का शिकार महराजगंज थाने का दो परिवार हुआ जिसमे दोनों ही परिवार ने अपने एक-एक सदस्य को खो दिया।
महराजगंज थाना क्षेत्र के जमालपुर ग्राम सभा निवासी श्रेयांश यादव 10 वर्ष पुत्र रामसजीवन यादव को विषैले सांप ने काट लिया जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। परिवार वालों के अनुसार श्रेयांश कक्षा 2 का छात्र था तथा भाई बहन में सबसे बड़ा था। गुरूवार की शाम घर के बाहर गेंद खेल रहा था। उसी समय विषैले सांप ने काट लिया। प्राथमिक उपचार के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। परिजन ईलाज के लिए उसे सिधारी हॉस्पिटल ले गये जहां डॉक्टर ने श्रेयांश को मृत घोषित कर दिया। श्रेयांश के पिता राम सजीवन शहर में ड्राइवर का काम करते हैं। दूसरी घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के रूपयनपुर ग्राम सभा में घटी। 43 वर्षीय बंसलाल की सांप के कटाने से मृत्यु हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बंसलाल के पिता और भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बंसलाल गुरूवार की रात सो रहे थे तभी सर्प ने काट लिया। परिजन सुबह होते ही उन्हें उपचार के लिए सिधारी हॉस्पिटल ले गये जहां डॉक्टर ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया। बंसलाल तीन लड़की और दो लड़के के पिता थे। सबसे बड़ी लड़की की शादी हो चुकी है। दोनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट- राजनरायन मिश्रा