पुलिस मुठभेड़ में दो हिस्ट्रीशीटर घायल

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जीयनपुर व बरदह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार के दो इनामियां हिस्ट्रीशीटरों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया जबकि एक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
बुधवार को जीयनपुर थानाध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग एवं अपराधियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि थाना जीयनपुर का 25000 इनामियां, हिस्ट्रीशीटर एवं शातिर अपराधी फकरे आलम उर्फ फकरू अपने एक साथी अमजद उर्फ भुचल्ला के साथ अवैध असलहे के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में मोटरसाइकिल से जीयनपुर की ओर आ रहा है। सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस केशवपुर जंगल तिराहा पर चेकिंग करने लगी। कुछ समय पश्चात दो व्यक्तियों की मोटरसाइकिल आते हुए दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों अभियुक्त भागने लगे और घबराहट में मोटरसाइकिल सहित गिर पड़े। गिरते ही अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में बदमाश फकरे आलम के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा जबकि उसका साथी अमजद उर्फ भुचल्ला मौके से फरार हो गया। घायल अपराधी को पुलिस ने प्राथमिक उपचार देते हुए जिला अस्पताल भेजा।
इसी क्रम में थाना बरदह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 10 अक्टूबर को थाना बरदह के दुर्गापुर पुलिया पर जनसेवा केन्द्र संचालक के साथ हुई छिनैती की घटना में वांछित 25000 रूपये का इनामिया अभियुक्त शिवम उर्फ पग्गू यादव पुत्र मगरु यादव निवासी ग्राम मडही, थाना चन्दवक जनपद जौनपुर को पुलिस ने मुठभेड़ में कमालपुर-अर्रा मार्ग स्थित बैरी मोड़ पर घायल करते हुए गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस एवं मोटर साइकिल बरामद हुई तथा डकैती की घटना का खुलासा हुआ। घायल अभियुक्त को इलाज हेतु सीएचसी बरदह भेजा गया है।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *