बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिम्मेदार कौन, यह तो जांच का विषय है, लेकिन कोयलसा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से दो छात्राओं के गायब होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, सुखद यह भी कि पुलिस व विद्यालय प्रशासन के साथ बच्चियों के स्वजन के प्रयास से दोनों बच्चियां बरामद हो गईं और सभी ने राहत की सांस ली है।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से शुक्रवार को दो छात्राएं शाम लगभग पांच बजे गायब हो गईं। जैसे ही यह खबर विद्यालय प्रशासन को मिली, तो हाथ-पांव फूलने लगे। विद्यालय प्रशासन ने दोनों छात्राओं की तलाश शुरू कर दी। विद्यालय प्रशासन द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद जब छात्राएं नहीं मिलीं, तो छात्राओं के स्वजन को सूचना दी गई। अब परिजन और विद्यालय प्रशासन दोनों मिलकर छात्राओं को ढूंढने लगे, लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी जब छात्राएं नहीं मिलीं, तो उनके परिजनों ने स्थानीय चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। हालांकि, काफी खोजबीन करने के बाद विद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों को खोज निकाला गया। चर्चा है कि छात्राएं अंबेडकर नगर जिले के बसखारी में बरामद हुई हैं, लेकिन इस बाबत जिम्मेदार मुंह खोलने को तैयार नहीं दिखे।
दोनों छात्राएं कक्षा सात की विद्यार्थी हैं। बूढ़नपुर चौकी पर एम महिला ने तहरीर दी थी। तहरीर के मुताबिक उन्हें शाम छह बजे फोन आया कि उनकी नतिनी स्कूल से गायब हैं। हालांकि बाद में दोनों छात्राओं को ढूंढ निकाला गया और रात लगभग दस बजे उनके परिवार से उनकी मुलाकात कराई गई।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह