ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, एक गंभीर

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के जिवली तिराहे के पास शनिवार की रात 10 बजे ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई थी। मृतकों में एक गुजरात से छुट्टी मनाने के लिए घर आया था, तो दूसरा बहन की शादी में शामिल होने के लिए गोवा से आया था। हासदे के बाद तीनों के परिवारों में कोहराम मच गया।
विवेक प्रजापति 25 वर्ष, इंदल यादव 30 वर्ष व विकास बिन्द 22 वर्ष तीनों कुम्भ गांव निवासी थे। तीनों किसी कार्य से जौनपुर गए थे। विवेक प्रजापति बाइक चला रहे थे। वापस आते समय रात 10 बजे जिवली तिराहा बाईपास पर अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से तीनों लोग घायल हो गए। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरदह ले जाया गया। वहां डाक्टर ने विवेक व इंदल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास बिन्द को जिला अस्पताल जौनपुर के रेफर कर दिया। मृतक इंदल यादव गुजरात में वाहन चालक का काम करते थे और 15 दिन पहले छुट्टी मनाने के लिए घर आए थे, जबकि विवेक प्रजापति के परिवार में बहन की 25 अप्रैल को शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए एक माह पूर्व गोवा से आए थे।
इनसेट–
हादसे की खबर सुन विवेक के पिता दिल्ली से रवाना

आजमगढ़। हादसे में मृत विवेक प्रजापति दो भाई व दो बहन में सबसे छोटे थे। परिवार में 25 अप्रैल को बहन की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए एक माह पूर्व गोवा से आए हुए थे। पिता दिल्ली में प्राइवेट काम करते हैं और हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली से घर के लिए चल दिए। माता चंपा व परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक इंदल यादव गुजरात में वाहन चालक का काम करते थे। उनके दो पुत्र श्याम सुंदर 11 वर्ष व रितेश 7 वर्ष हैं। चार भाइयों में सबसे छोटे इंदल 15 दिन पहले छुट्टी मनाने घर आए थे। उनके तीनों भाई भी गुजरात में प्राइवेट कम्पनी में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही माता शांति, पत्नी मीरा सहित पूरा परिवार सदमें डूब गया। घायल विकास बिन्द लुधियाना में प्राइवेट काम करते हैं और एक माह पूर्व घर आए थे। पिता राजगीर का कार्य करते हैं। घायल का इलाज ट्रामा सेंटर वाराणसी में चल रहा था।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *