एक पिकअप के चक्कर में कर डाला जघन्य हत्याकांड, दो गिरफ्तार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महराजगंज जिले से पिकअप लेकर चले व्यक्ति के लापता होने की कहानी का दुखद अंत सामने आ गया, जब उसका आधा-अधूरा शव रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम रोहुआर में आरोपित शंकर के किराए के मकान के पिछले हिस्से में गड़ा मिला। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपित शंकर की गिरफ्तारी के लिए एसपी हेमराज मीना ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद जो बात सामने आई है उसमें बताया गया कि एक पिकअप को प्राप्त करने के लिए इतना बड़ा जघन्य कांड किया गया। अभी शव के बाकी हिस्से की तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में 12 जुलाई को कुलदीप सिंह निवासी ग्राम रुद्रपुर भलुही, जनपद- महराजगंज ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने पिता शैलेन्द्र कुमार सिंह का अपहरण कर लिया है। मामले की विवेचना एसआइ जाफर खां को सौंपी गई।
एसपी ने भी मामले की गंभीरता को समझ घटना के अनावरण हेतु थाना प्रभारी जीयनपुर को निर्देशित किया। 14 जुलाई को थानाध्यक्ष विवेक कुमार पांडेय व टीम को सूचना मिली कि एक अपराधी दोहरीघाट की तरफ से लाटघाट की तरफ आ रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी व टीम ने विक्रम इण्टर कालेज मुहम्मदपुर लाटघाट के सामने मंदिर के पास घेराबंदी की। कुछ समय पश्चात लाल रंग की मोटरसाइकिल दोहरीघाट की तरफ से आती दिखी, जिसे पकड़ लिया गया। पकडे़ गए रामछवि उर्फ छबिया निवासी ग्राम नगरीपार, थाना दोहरीघाट, मऊ के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, 920 रुपये नकद व एक मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में रामछवि ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया कि मेरी व शंकर कन्नौजिया निवासी ग्राम हाजीपुर थाना रौनापार जिला की मुलाकात लगभग 12 वर्ष पूर्व मऊ जेल में हुई थी और वहीं दोस्ती हो गई। शंकर के साथ उसका दोस्त छांगुर नाई निवासी ग्राम मुहम्मदपुर थाना जीयनपुर भी आता था। हम लोग मिलकर लकड़ी कटवाने का काम करने लगे। लकड़ी को लाने व ले जाने में पिकअप वाहन किराए पर लेते थे। हम दोनांे ने पिकअप वाहन की व्यवस्था के लिए फर्जी कागज तैयार करने की योजना बनाई। इस क्रम में एक जुलाई को शंकर ने गोरखपुर जाकर एक पिकअप गाडी एक हजार रुपये पर बुक कराया और ड्राईवर शैलेन्द्र सिंह से कहा कि फर्नीचर का सामान लाना है जब हमारी व्यवस्था हो जायेगी तो हम आपसे सम्पर्क करेंगें तथा ड्राईवर शैलेन्द्र का माबाइल नंबर लेकर आ गया। तीन जुलाई को शैलेन्द्र को गाड़ी सहित लाटघाट बुलाया। उसके बाद शाम को मोटरसाइकिल से शंकर ड्राइवर को लेकर रामपुर के पास मिला और कहा कि पिकअप गाडी पर बैठ जाओ और आगे-आगे शंकर तथा पीछे मैं व ड्राइवर पिकअप गाड़ी से शंकर के किराए के मकान ग्राम रोहुआर पर पहुंचे और ड्राइवर को खाद्य पदार्थ में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। अचेत होने के बाद उसको फांवडे़ व बांका से काटकर गढ्ढा खोदकर मकान के पीछे हाते में गर्दन के निचले हिस्से (धड़) को मिट्टी में गाड़कर नमक डालकर घास-फूस व मिट्टी से ढक दिया तथा उसके सर को शंकर लेकर मोटर साइकिल से कहीं दूसरी जगह लेकर चला गया था। पिकअप गाडी का नम्बर प्लेट फर्जी कागजात के आधार पर लगाकर जिसके बारे में छांगुर नाई को पहले से जानकारी थी उसे छांगुर नाई को हमलोगो ने दे दिया। गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर रोहुआर में शंकर के किराए के मकान के अण्डर ग्राउन्ड में घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया गया। मकान के पीछे बाउन्ड्री में एक स्थान पर सिर कटे शव को बरामद किया गया। गिरफ्तार रामछवि के बताने पर कल्याणपुर पुलिया के पास से छांगुर शर्मा निवासी ग्राम मुहम्मदपुर थाना जीयनपुर जनपद को घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल, पिकअप वाहन के फर्जी दस्तावेज के साथ गिरफ्तार कर बिना नम्बर प्लेट का पिकअप वाहन को छत्रपति शिवाजी इण्टर कालेज रोहुआर से बरामद किया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *