रोड एक्सीडेंट के बाद जाम लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उचंहुआ पुल के पास ट्रक की चपेट में आए एक युवक की मौत के बाद सड़क जाम करने और हंगामा करने के आरोप में तरवां पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के दौरान भीड़ ने पुलिस बल के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी। एक दिसम्बर को उंचहुआ पुल के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु हो गई थी। सूचना पर थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। भीड़ ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे राहगीरों, बीमार और बुजुर्ग लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीड़ द्वारा पुलिस टीम को धमकाया गया और मारपीट का प्रयास भी किया गया। हालात को काबू में करने के लिए उपजिलाधिकारी मेहनगर, तहसीलदार मेहनगर, क्षेत्राधिकारी लालगंज, थानाध्यक्ष मेहनगर और मेहनाजपुर सहित अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
घटना की वीडियोग्राफी के आधार पर 13 नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मंगलवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह टीम के साथ क्षेत्र में थे। इस दौरान उंचहुआ निवासी शिवपूजन और विरनई निवासी अजय चौहान से सड़क जाम और उपद्रव संबंधी पूछताछ की गई, तो दोनों पुलिस से उलझने लगे। उनके व्यवहार से आशंका हुई कि वे गंभीर उपद्रव कर सकते हैं, जिसके बाद दोनों को उंचहुआ बाज़ार से गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *