लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली पुलिस ने गोसाईगंज बाजार के आगे बसरेसवां मोड़ के पास से दस किलो गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को सम्बंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।
उप निरीक्षक विनय कुमार यादव, उप निरीक्षक महेन्द्र यादव मय हमराह द्वारा गोसाईगंज बाजार के आगे बसरेसवां मोड़ पर पहुँचे तो बरसेरवां की तरफ से दो युवक हाथ में झोला लिए हुए आते दिखाई पड़े। संदेह होने पर पुलिस बल द्वारा उनकी तलाशी ली गई तो तलाशी के दौरान झोले में संदिग्ध वस्तु के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि झोले में गांजा है जिसे बेचने के लिए जा रहे हैं। गांजा होने की बात कहने पर क्षेत्राधिकारी लालगंज को इस बाबत अवगत कराया गया। क्षेत्राधिकारी लालगंज मनोज रघुवंशी के समक्ष दोनो की जामा तलाशी लेने पर प्रदीप व राजकुमार नामक युवकों के हाथ में लिए गए झोले से 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनो अभियुक्तों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में एक ने अपना नाम प्रदीप पुत्र रामप्रीत निवासी बैरीडीह थाना देवगांव और दूसरे ने अपना नाम राजकुमार पुत्र सीताराम निवासी बैरीडीह थाना देवगाँव बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सम्बंधित धाराओं में जेल भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद