अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया जब यूपीपीसीएस 2024 के घोषित परिणाम में तुषार श्रीनेत ने प्रदेश में आठवीं रैंक हासिल कर राज्य कर अधिकारी के पद पर चयनित होकर अपने जिले व क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
तुषार श्रीनेत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एयरफोर्स स्कूल, बरेली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बरेली और लखनऊ में रहकर कठिन परिश्रम और लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। उनके पिता राम प्रकाश सिंह वायु सेवा में कार्यरत हैं, जबकि माता रीता सिंह मूल रूप से अतरौलिया के पुरवा की निवासी हैं।
तुषार की सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव और ननिहाल पुरवा (अतरौलिया) में जश्न का माहौल बन गया। उनके नाना नरेंद्र नारायण सिंह पूर्व खंड विकास अधिकारी रह चुके हैं, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा का भी तुषार की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने तुषार की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। तुषार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद