अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बांदा जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में जनपद निवासी ट्रक चालक की मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर मटौंध थाना क्षेत्र के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में अहिरौला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी ट्रक चालक साधु उर्फ सूर्यभान 50 वर्ष की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वह झांसी से महोबा पेंडरी की ओर जा रहे थे और बांदा से करीब 15 किलोमीटर आगे पहुंचे ही थे कि सामने से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रेलर से उनकी टक्कर हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में एक अन्य ट्रक चालक और एक खलासी की भी जलकर मौत हो गई, जबकि एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक साधु उर्फ सूर्यभान के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे