अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मदियापार अहिरौला मार्ग पर स्थित शहीद उपवन में 1962 के भारत चीन युद्ध में शहीद हुए भगवती प्रसाद सिंह के शहादत दिवस पर उनके आदमकद प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित कर भारत मां के वीर अमर सपूत को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गयी।
एनसीसी के बच्चों द्वारा शहीद उपवन में आदम पर प्रतिमा को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि मेजर शैलेंद्र सिंह सेंगर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष क्षत्रिय परिषद तथा विशिष्ट अतिथि जयनाथ सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा, बीके सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व क्षत्रिय परिषद, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह रहे। संचालन कवि भालचंद्र त्रिपाठी ने तथा अध्यक्षता भगत सिंह ने किया।
शहीद को याद कर उनकी पत्नी ललिता देवी की आंखों में आंसू आ गए। इस अवसर पर उनकी एकमात्र पुत्री सुदामा देवी भी मौजूद रहीं। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने देश के जवानों के भेष में नाटक प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि शहीदों तथा उनके परिवार के सम्मान में जितना भी हो सकता है हर संभव मदद करेंगे। विशिष्ट अतिथि जयनाथ सिंह ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की बाजी लगाने वाले ऐसे वीर सपूत को नमन करता हूं। नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष यहां पर शहादत दिवस मनाया जाता है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव कोयलसा द्वारा शहीद उपवन में बाउंड्री वॉल की आधारशिला रखी गई जिसका निर्माण जल्द ही शुरू होगा। कार्यक्रम के आयोजक व्यवस्थापक डॉ.राजेंद्र सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद