आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विकास खण्ड कोयलसा के ग्राम पंचायत कौड़िया स्थित खाकी बाबा मंदिर परिसर में सोशल एक्टिविस्ट धर्मेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान जामुन, चितवन, अनार आदि फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण करके पृथ्वी को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा रखने का संकल्प दिलाया गया।
सोशल एक्टिविस्ट धर्मेन्द्र जायसवाल ने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग और दूषित जल स्रोत हमारी धरती के लिए खतरा बन चुके हैं जिससे पृथ्वी का संतुलन दिन- प्रतिदिन बिगड़ रहा है। उन्होने कहा कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए पौधरोपण आवश्यक है। पेड़-पौधे पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ बनाये रखने के साथ ही सभी को जीवनदायिनी ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं।
उन्होने कहा कि प्रदूषण और धूल से भरी हवा सांस लेने में तकलीफ, एलर्जी, और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं पैदा करती हैं लेकिन वृक्ष इन हानिकारक तत्वों को कम करके हवा को शुद्ध और स्वच्छ बनाते हैं।
उन्होने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के इस युग में पौधरोपण एक बहुत ही प्रभावी उपाय है जो हमारे पर्यावरण को संतुलित और स्वस्थ बनाए रखने में काफी हद तक मदद करेगा। इसलिए सभी लोगों को हर संभव प्रयास करके अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना चाहिए और इसके साथ ही निरन्तर देखभाल भी जरुर करना चाहिए। इस अवसर पर हरिबदन, अनुराग, विनीत, रविन्द्र, अनुराग, लोकनाथ आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल