फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भारी वर्षा जल जमाव और आकाशीय बिजली से प्रभावित हुई बिद्युत आपूर्ति से विद्युत अधिकारी, लाइनमैन, कर्मचारी सहित उपभोक्ता परेशान हैं। रात भर तकनीकी खराबी को सही करने के लिए लाइनमैन परेशान रहे।
रविवार को फूलपुर तहसील क्षेत्र में अच्छी वर्षा होने से खेत खलिहान जहां जलमग्न हो गए वहीं आकाशीय बिजली, जल जमाव से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। आकाशीय बिजली का प्रभाव नगर पंचायत फूलपुर में उस्मानिया मुहल्ला, पठान पुरवा, फूलपुर देहात के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अथक प्रयास किया मगर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इस भीषण गर्मी में विद्युत उपभोक्ताओं को पानी के लिए आसपास के मुहल्लों का सहारा लेना पड़ा। इस संबंध में अवर अभियंता विद्युत नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि आकाशीय बिजली व अंदरूनी खराबी से ट्रांसफार्मर प्रभावित हो गया था। मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया पर सफलता नहीं मिली। जिला मुख्यालय से दूसरा ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। शाम तक लगा दिया जाएगा। रात्रि में विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय