आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल, जाफरपुर में किया गया। इस कार्यक्रम के प्रथम दिवस का विषय कम्पेटेंसी बेस्ड असेसमेंट रहा, जिसमें कुल 60 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारम्भ सीबीएसई बोर्ड द्वारा नियुक्त मास्टर ट्रेनर/विशेषज्ञ ज्योति ऋचारिया, प्रधानाचार्या, हरिश्चंद्र मिश्र पब्लिक स्कूल आजमगढ़ एवं मनीष कुमार राय, पीजीटी (वाणिज्य), हैप्पी मॉडल स्कूल, वाराणसी ने दीप प्रज्वलित कर किया। सीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के मैनेजर डॉ0 आजाद अहमद ख़ान ने मास्टर ट्रेनर/विशेषज्ञों को बुके देकर उनका अभिवादन किया तथा ट्रेनिंग के लिए उपस्थित सभी टीचर्स को उक्त विषय की जानकारी देते हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। दोनों लोगों ने शिक्षकों को दक्षता-आधारित मूल्यांकन की अवधारणा, इसकी आवश्यकता, और कक्षा शिक्षण में इसके प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया। साथ-साथ टीचर्स में ईमानदारी एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने का संकल्प दिलाया।
ज्योति ऋचारिया ने बताया कि कम्पेटेंसी बेस्ड असेसमेंट विद्यार्थियों की वास्तविक समझ, अनुप्रयोग क्षमता और आलोचनात्मक चिंतन को परखने का माध्यम है। वहीं, मनीष कुमार राय ने शिक्षकों को विभिन्न मूल्यांकन तकनीकों, प्रश्न निर्माण प्रक्रिया और सीखने के परिणामों से मूल्यांकन के संबंध पर व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का समापन सहभागियों की सक्रिय सहभागिता और उनके प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। सभी शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया और ऐसे कार्यक्रमों की सराहना की।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार