फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना निजामाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़हरिया में पूजा-पाठ कराने के बहाने महिलाओं से सोने के जेवरात ठगने की घटना में शामिल शातिर ठग कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिंटू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध असलहा भी बरामद हुआ।
बीते 18 दिसंबर को आरोपी ने महेंद्र मौर्य के घर पूजा-पाठ के नाम पर प्रवेश कर महिलाओं से दो झुमका, एक मंगलसूत्र और एक जोड़ी बाली ठग ली थी। थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही थी। सीसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई थी। पुलिस के कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना शनिवार सुबह 5.55 बजे बताया गया। घायल को सीएचसी रानी की सराय में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, ठगी का एक मंगलसूत्र, एक लॉकेट, एक जोड़ी झुमका, जेवरात बेचने से प्राप्त 25 हजार रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्रामीण इलाकों में स्वयं को साधु या पंडित बताकर महिलाओं को अनिष्ट और दोष का भय दिखाता था। पूजा के बहाने वह कीमती जेवरात लेकर फरार हो जाता और बाद में उन्हें बेचकर स्थान बदल लेता था।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव