फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र में महाशिवरात्रि को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पर्व के मद्देनज़र मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजन-अर्चन और रात्रि जागरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रसिद्ध दुर्वाषा धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगने की संभावना है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इसी प्रकार झारखंड महादेव मंदिर में अभिषेक और रुद्राभिषेक की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर समिति के अनुसार, दिनभर जलाभिषेक का क्रम जारी रहेगा और रात्रि में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। राधाकृष्ण मंदिर तथा शंकर जी तिराहा पर भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की है।
वहीं बधवा महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष श्रृंगार किया गया है। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे कतारबद्ध होकर दर्शन करें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय