आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में सीबीएसई बोर्ड के तत्वाधान में कैप्सिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के अंतर्गत दो द्विवसीय स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का प्रारंभ प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कार्यशाला प्रशिक्षिका प्रथम अंजू दूबे, प्रधानाचार्या एंबीशन स्कूल वाराणसी एवं डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोर्डिनेटर वाराणसी तथा कार्यशाला प्रशिक्षिका द्वितीय डॉ.शिल्पा शर्मा पीजीटी सनबीम सनसिटी के साथ मॉ शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से किया। तत्पश्चात संगीत शिक्षकों द्वारा गणेश वंदना एवं भजन की प्रस्तुति दी गयी।
कार्यशाला की प्रशिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के मध्य किशोरावस्था में आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विभिन्न क्रियाविधियों का क्रियान्वयन कराया। साथ ही उनकी काउंसिलिंग के सूक्ष्मतम तरीकों से भी अवगत कराया। उन्होने बताया कि विद्यालय की कार्यशालाओं के आयोजन से शिक्षक अधिक सर्जनात्मक और उर्जावान बनते हैं तथा उन्हें कागजी कार्यवाही के बजाय छात्र पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अधिक समय मिलता है। नयी-नयी शिक्षण तकनीकियों द्वारा बच्चों का सर्वांगीण विकास बहुत ही सहजता के साथ किया जा सकता है। विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग और ध्यान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। सभी ने स्वस्थ जीवन जीने के लिए संकल्प लिया।
प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं लोगों को स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवनशैली की ओर प्रेरित करती हैं और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम को वरिष्ठ शिक्षक जीके त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार