आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिब्ली नेशनल कॉलेज में ओरियंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के न्यायमूर्ति सैयद क़मर हसन रिज़वी मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व वित्त सचिव शाहिद मंज़र अब्बास रिज़वी उपस्थित रहे। कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ।
प्रथम चरण में महाविद्यालय में संचालित सीएसआईआर-यूजीसी नेट कोचिंग के विद्यार्थियों के लिए ओरियंटेशन सत्र आयोजित किया गया, जबकि द्वितीय चरण में विधि विभाग के विद्यार्थियों हेतु विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह आयोजन ‘शिब्लीज़ विज़न फॉर एजुकेटेड यूथ’ कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अबूसाद शम्सी एवं प्राचार्य प्रो. अफ़सर अली द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। संचालन अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) मोहम्मद खालिद ने किया।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति सैयद क़मर हसन रिज़वी ने समय प्रबंधन के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए समय का सुनियोजित एवं अनुशासित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहने की सलाह दी। कार्यक्रम को प्रो. (डॉ.) काज़ी नदीम आलम ने भी संबोधित किया। विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय की इस पहल के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह निःशुल्क कोचिंग उनके भविष्य को दिशा देने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार