लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और 2150 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
पहली घटना में ग्राम माधोपुर धरांग निवासी चम्पा पत्नी अच्छेलाल राम ने तहरीर दी थी कि वह अपने नाती को देखने प्रजापति अस्पताल लालगंज गई थीं। इस दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने सुरक्षा का झांसा देकर उनके कान की बाली, गले का लॉकेट और 7 हजार रुपये ठग लिए थे। इस मामले में थाना देवगांव पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
दूसरी घटना में लालगंज कस्बा निवासी गौतम सेठ की मोटरसाइकिल प्राथमिक विद्यालय लालगंज के पास से चोरी हो गई थी। इस संबंध में भी मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
पुलिस को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल से छावनी हाईवे कट की ओर आ रहे हैं। सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आजाद कुमार पुत्र रामदुलार निवासी फैजुल्लापुर, सुरेंद्र राम पुत्र शोभनाथ राम निवासी कटघर लालगंज वार्ड नंबर 2 और इंतखाब आलम पुत्र मो. अनीश निवासी कटघर लालगंज उत्तरी वार्ड नंबर 11 के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद