लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों को सर्प ने डंक मार दिया, जिससे एक वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि मृतक की बहन और मां दोनों वाराणसी स्थित अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया कि सलेमपुर दलित बस्ती के रहने वाले बाबूलाल पुत्र नन्हकू की बहू शनिवार की रात्रि साढ़े नौ बजे के करीब अपने एक वर्षीय बेटे विराट को चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सुलाई थी जहां मच्छरदानी में घुसे सर्प ने उसे डंक मार दिया। अनभिज्ञता में मां इंद्रकला 37 वर्ष पत्नी शेखर राज और पुत्री स्वीटी 8 वर्ष के भी मच्छरदानी में प्रवेश करते ही सर्प ने इन्हें भी डंक मार दिया। आनन-फानन में तीनों को लालगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया जहां से स्थिति नाजुक देखते हुए तीनों को रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर जौनपुर सदर अस्पताल गए। वहां से भी रेफर कर दिए जाने के बाद तीनों को लेकर परिजन वाराणसी चले गये जहां रविवार को सुबह 5 बजे एक वर्षीय विराट पुत्र शेखर की मौत हो गई। जबकि इंद्रकला पत्नी शेखर राज और स्वीटी गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। मृत बालक का पिता मुंबई में रहकर परिवार की आजीविका चलाता है। समाचार मिलने के बाद वह घर के लिए निकल चुका था जबकि पुत्र का शव गांव में रखा गया है और मां बेटी अस्पताल में जीवन और मौत से संघर्ष कर रही हैं तथा उनकी भी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद