लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मिर्जा नगदिलपुर निवासी मोहम्मद ताहिर पुत्र महमूद खान नित्य की भांति शनिवार की शाम अपने आवास से लगभग 100 मीटर दूर मौजा गिरधरपुर में अपनी बोलेरो लॉक करके खड़ी कर अपने घर सोने चला गया। देर रात अज्ञात वाहन चोर गाड़ी का सेंटर लॉक और हैंडल लॉक तोड़कर बोलेरो को चुरा ले गए। रविवार को सुबह जब ताहिर गाड़ी खड़ी करने के स्थान पर पहुंचा तो गाड़ी न देखकर अवाक रह गया।
पीड़ित ताहिर ने बताया कि गाड़ी के कागजात, आरसी बुक, इंश्योरेंस, फिटनेस तथा प्रदूषण पेपर सभी गाड़ी की डिग्गी में ही रखे गए थे। चोरी की उपरोक्त घटना की सूचना यूपी डायल 112 पर दर्ज कराने के साथ उन्होंने देवगांव कोतवाली में भी लिखित तहरीर दी है। सूचना पाकर पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया तथा आवश्यक जानकारी प्राप्त करके जांच पड़ताल आरंभ कर दी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद