माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल के वार्ड नम्बर नौ सुबास चन्द्र बोस नगर और कोर्राघाटमपुर में रविवार दिन में बन्द मकान का ताला तोड़कर घर में घुस कर अज्ञात चोरों ने एक घर से सोने चांदी के जेवरात और दूसरे घर में रखे नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शाम को जब दोनो घरों के मालिक घर आए तो घटना को देख उनके होश उड़ गए और घटना की सूचना माहुल चौकी की पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी यश सिंह पटेल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर साक्ष्य संकलन में लग गयी।
माहुल नगर पंचायत के वार्ड नम्बर 9 सुबास चन्द्र बोस नगर निवासी संजय यादव रविवार दिन में नौ बजे अपने मकान में ताला बन्द कर कृषि कार्य हेतु अपना ट्रैक्टर लेकर निकल गए। शाम को जब वे घर आए तो देखा उनके घर के बाहरी गेट का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने बताया कि आलमारी में रखा एक सोने का हार, एक सोने की चैन, दो हीरे की और पांच सोने की अंगूठी एक सोने का मांगटीका, एक जोड़ी चांदी का पायजेब और बिटिया शानवी का चांदी का पायल सहित लगभग 15 लाख के जेवरात गायब है। संजय ने घटना की सूचना चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल को दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में लग गए। रात में एक बजे फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर चोरों की तलाश साक्ष्य संकलित किया। पीड़ित संजय यादव ने सोमवार सुबह घटना के बाबत अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया।
दूसरी घटना क्षेत्र के कोर्राघाटमपुर गांव की है जहां पर शैलेन्द्र यादव के बन्द घर का ताला तोड़कर कमरे में घुसे चोरों ने छः हजार एक सौ बाईस रुपए नकदी चुरा लिया। शैलेन्द्र भी घटना के समय घर के बाहर थे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अहरौला अमित कुमार मिश्र का कहना है कि घटना के राजफाश के लिए फॉरेंसिक टीम द्वारा संकलित साक्ष्य के साथ ही साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जल्दी ही राजफाश होगा।
रिपोर्ट-श्यामसिंह