तीन घरों में घुसकर चोरों ने किया हाथ साफ

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पठानपुरवा मिर्जापुर में अज्ञात चोरों ने रविवार की रात दो घरों में घुसकर पैसा व कीमती सामान लेकर फरार हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पठानपुरवा मिर्जापुर देवगांव में अज्ञात चोर शहाबुद्दीन पुत्र शमसुद्दीन के बंद मकान का चैनल का ताला तोड़ दिए और घर में घुसकर कमरों का ताला तोड़कर घर में रखा 25 हजार रुपया नकद और तीन घड़ी लेकर फरार हो गए। पीड़ित शहाबुद्दीन ने बताया कि वह कुछ दिनों के लिए कार्यवश कहीं गए हुए थे कि इसी बीच चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। इसके बाद चोर पड़ोस के मोहम्मद साजिद पुत्र स्वर्गीय मोशीद खान के घर में भी घुस गये और एक छोटी पेटी लेकर चंपत हो गये। ग्रामीणों द्वारा अनुमान लगाया जा रहा है कि शहाबुद्दीन के घर में घुसने के बाद इनकी छत से होकर चोर मोहम्मद साजिद के घर में घुसे। पीड़ित साजिद की वालिदा ने बताया कि पेटी में 14000 नकद और कुछ कपड़ा रखा था जो चोर लेकर गये। पीड़ित शहाबुद्दीन ने बताया कि उन्होंने देवगांव कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। सूचना पाकर देवगांव कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी प्राप्त करके जांच पड़ताल में जुट गई है। इसी क्रम में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अनंतपुर लाला का पुरवा में चोरों ने 10700 नकद तथा आभूषण चोरी कर लिया और फरार हो गए। रामअवतार विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय रामधारी ने देवगांव कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि बीती रात उसके घर से अज्ञात चोर 10700 नकद मंगलसूत्र आदि चुरा कर फरार हो गए। पीड़ित ने देवगांव कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
रिपोर्ट-मकसूद आजमी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *