आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। श्री मारवाड़ी धर्मशाला समिति के तत्वधान में पुरानी सब्जी मंडी स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में बुधवार की शाम होली मिलन समारोह एवं महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन हुआ। मनोरंजन की दृष्टि से होली की शाम आए सभी मूर्खों की जांच शिविर लगाकर निःशुल्क मूर्खता की जांच की गई। इस रंगारंग कार्यक्रम का नगरवासियों ने हास्य और व्यंग की फुहारों के बीच परम्परा का भरपूर आनन्द उठाया। कवियों ने काव्य पाठ के जरिए सामाजिक ताने बाने पर निशाना साधा।
भाजपा के अखिलेश मिश्रा गुड्डू ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तो वहीं मूर्ख मण्डली के लोग भी मौजूद रहे। प्रयागराज से हास्य कवि बिहारी लाल ‘अम्बर’, बलिया से कवियित्री प्रतिभा यादव और जनपद से भौंकने वाले कवियों में झटपट जी झाड़ से, लाजकुमारी आशीर्वाद, कमलेशी जी अजीपुर से, अजय गुप्ता अज्जू, ताज आज़मी अस्पताल से, नामी जी हाल से तो कब्रिस्तान से आए अन्य कवियों ने मूर्खाे के सामने अपनी हास्य व्यंग रचनाओं की ऐसी जोरदार प्रस्तुति दी कि श्रोताओ को ठहाके लगाने पर विवश कर दिया।
लापता कवि एवं संचालक भो भो बलमा बरामद नहीं हो सके। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया। इन सभी के मंच पर पहुंचते ही समिति द्वारा पारंपरिक रीति से सब्जियों की माला से माल्यार्पण और विशिष्ट टोपी पहना कर स्वागत किया गया। इसके बाद हास्य कवियों ने अपने काव्य पाठ के जरिए लोगों के मूर्खता की जांच की।
कार्यक्रम आयोजक श्याम सुंदर डालमिया ने बताया कि सम्मेलन में हर वर्ष मूरख-मूरख भाई-भाई शामिल होकर हंसी ठहाके का आनंद लेते हुए पुरानी परम्पराओं के जरिये समाज को जोड़ने का काम करते है।
इस दौरान धर्मशाला समिति के अशोक खंडेलिया, संदीप सराफ, राजीव डालमिया एवं अनिल रूंगटा, भोलानाथ जालान, अजित रूंगटा, मनोज खेतान, विष्णु रूंगटा, अविनाश जालान आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार