ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से लाखों की चोरी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिधारी थाना अंतर्गत पुराने पुल के पास स्थित ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक दुकान में सोमवार की रात चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। सूचना पर पुलिस और सीओ नगर मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
सिधारी हाइडिल निवासी सुनील वर्मा की पुराने पुल के पास ज्वेलरी की दुकान है। देर रात चोर दुकान के पीछे बनी करीब 25 फीट गहरी खाई से चढ़कर अंदर दाखिल हुए और सोने, चांदी के आभूषण पार कर दिए। पीड़ित के मुताबिक दुकान से लगभग ढाई किलो चांदी और 30 ग्राम सोने के जेवर चोरी हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसी दौरान, बगल में स्थित जमालपुर निवासी ओमप्रकाश यादव की इलेक्ट्रॉनिक दुकान से भी चोरों ने करीब 60 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब मकान मालिक ने दुकान के ताले टूटे देखे, तब दोनों दुकानदारों को सूचना दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सीओ नगर शुभम तोदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सीओ नगर शुभम तोदी ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग शॉप में चोरी की सूचना मिली थी। जांच में यह बात सामने आई कि ज्वेलरी शॉप की आलमारी में रखा सामान सुरक्षित है, जबकि बाहर रिपेयरिंग के लिए रखे सामान चोरी हुए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि वारदात से स्थानीय व्यापारियों में दहशत व्याप्त है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *