कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक डीजे की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर रसूलपुर गांव में गुरूवार की रात अज्ञात चोरों ने एक डीजे दुकान का शटर तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार मनोज राजभर ने बताया कि उन्होंने महज दो महीने पहले ही यह डीजे की दुकान शुरू की थी। रात के अंधेरे में चोर दुकान में घुसे और 16 बड़े स्पीकर, 50 ट्वीटर, तीन मशीनों समेत करीब साढ़े चार लाख रुपये का डीजे उपकरण चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह और कप्तानगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश पुलिस बल व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्ट-विजय कुमार