ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम पसिका से एक बेहद दर्दनाक और दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने मानवता निभाते हुए अपनी जान गंवा दी।
ग्राम पसिका निवासी 22 वर्षीय प्रियांशु मौर्य पुत्र दीनानाथ मौर्य, अपने गांव के करीब दस लोगों के साथ काम के सिलसिले में ट्रेन से हैदराबाद जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेन जैसे ही चांदपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी, उसी दौरान एक वृद्ध महिला ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। मानवता का परिचय देते हुए प्रियांशु उस वृद्धा को ट्रेन में चढ़ाने लगा। इसी बीच ट्रेन ने सीटी दी और चलने लगी। अचानक प्रियांशु का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद जब एंबुलेंस से शव गांव पसिका पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया।
प्रियांशु तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई की शादी हो चुकी है, जबकि प्रियांशु और उनका छोटा भाई अविवाहित हैं। प्रियांशु गांव में रहकर सोलर पैनल का काम करता था। गांव के लोगों के कहने पर वह पहली बार बाहर कमाने के लिए जा रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
घटना के बाद मां सोनी मौर्य और पिता दीनानाथ मौर्य का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है और हर किसी की जुबान पर बस यही बात है कि दूसरों की मदद करने वाला खुद दुनिया छोड़ गया।
रिपोर्ट-एमके राय