लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील के थाना मेहनाजपुर क्षेत्र में मौसम के अचानक करवट लेने से ठंड और शीतलहर का असर तेज हो गया है। ठंडी हवाओं के चलने से बूढ़े, बच्चे और नौजवान सभी ठिठुरते नजर आ रहे हैं। ठंड से बचाव के लिए लोग अपने घरों के पास और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर तापते दिखे।
सिधौना बाजार सहित आसपास के इलाकों में जगह-जगह अलाव जलते हुए दिखाई दिए, जहां लोग आग के चारों ओर बैठकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते रहे। बढ़ती ठंड के कारण लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया है। गिरते तापमान और सर्द हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
सुबह के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को ठंड के कारण अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम सभा सिधौना स्थित मां सिद्धेश्वरी मंदिर परिसर में भी लोग अलाव के चारों ओर बैठे ठंड से राहत लेते देखे गए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद