अतरौलिया आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में शिक्षकों की घोर लापरवाही के कारण कक्षा 3 का एक छात्र घंटों स्कूल के एक कमरे के अंदर तीन घंटे कैद रहा।
दादर गांव निवासी हिमांशु राजभर कक्षा तीन का छात्र है। सोमवार को रोज की तरह स्कूल गया था। पढ़ाई के दौरान उसे नींद आ गई और वह कमरे में सो गया। छुट्टी होने पर विद्यालय का ताला बंद करके शिक्षक व कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए। जब काफी देर तक हिमांशु घर नहीं लौटा, तो उसकी मां फूला देवी चिंतित हो उठीं। गांव के हिमांशु के साथ पढ़ने वाले बच्चों से पूछताछ की मगर कुछ पता नही चला तो वह बदहवास होकर हिमांशु को खोजती हुई लगभग 4 बजे स्कूल पहुंचीं। वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, उनका बच्चा स्कूल में बंद था और अंदर से उनके बेटे की भूख प्यास से बिलखने की आवाज आ रही थी। आनन-फानन में ग्राम प्रधान को सूचित किया गया। चाबी मंगवाकर जब स्कूल का ताला खोला गया, तो मासूम हिमांशु डरा-सहमा और रोता हुआ बाहर निकला।
इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मां नहीं पहुंचती, तो मासूम के साथ कोई अनहोनी हो सकती थी। लोगों ने दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में क्षम्य में नहीं है। मैं तुरंत स्पष्टीकरण जारी करता हूं जो भी इसमें दोषी होंगे निश्चित रूप से उन पर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद