पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज स्थित रेनबो नेशनल स्कूल में रविवार को वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच देखने को मिली। कार्यक्रम में एसडीएम सदर नरेंद्र गंगवार, एडीएम एफ/आर गंभीर सिंह तथा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अखिलेश कुमार मिश्रा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना की।
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय के सौ से अधिक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी को और भी खास बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया था, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।
एसडीएम सदर नरेंद्र गंगवार ने कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनियाँ बच्चों में नवाचार, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करती हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
एडीएम एफ/आर गंभीर सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और प्रयोग के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि परिश्रम व जिज्ञासा ही सफलता की कुंजी है।
वहीं प्रदेश कार्य समिति सदस्य अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि विज्ञान देश के विकास की आधारशिला है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे विज्ञान को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और नई खोजों के प्रति उत्सुक रहें।
रिपोर्ट-बबलू राय