आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील के उत्तर देवारा क्षेत्रवासियों के लिए सोमवार का भी दिन राहत भरा रहा। लगातार चौथे दिन भी बैराजों से पानी नहीं छोड़ा गया और 24 घंटे में पांच सेमी कमी के साथ जलस्तर खतरा निशान से 69 सेमी नीचे पहुंच गया। हालांकि, अभी नाव का संचालन पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है। बेलहिया में अभी भी आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है दशहरा से पहले नदी का पानी अपने मूल स्थान पर पहुंच जाएगा और पर्व की खुशियां मना सकेंगे। कारण कि एक ओर लगातार जलस्तर मेें कमी से कटान रुक गई है, तो दूसरी ओर बाहर का पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। फिलहाल अभी भी आधा दर्जन गांवों के रास्तों के डूबने से आवागमन के लिए बेलहिया में नाव का संचालन किया जा रहा है। अब तक 2 करोड़ 23 लाख 01 हजार 184 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। बीच में 18वें दिन 25 जुलाई, 55वें दिन 1 सितंबर, 66वें दिन 12 सितंबर, 79वें दिन 25 सितंबर, 86वें दिन 2 अक्टूबर, 88वें दिन 4 अक्टूबर, 89वें दिन 5 अक्टूबर, 90वें दिन 6 अक्टूबर व 91वें दिन 7 अक्टूबर को भी पानी नहीं छोड़ा गया। मुख्य गेज स्थल बदरहुआ नाले के पास खतरा निशान 71.68 मीटर है। रविवार को यहां का जलस्तर 71.04 मीटर रिकार्ड किया गया, जबकि सोमवार को 70.99 मीटर पर पर पहुंच गया। इस प्रकार नदी खतरा निशान से 69 सेमी नीचे बह रही थी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार