मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में बिन मौसम तेज हवा, गरज, चमक के साथ हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण गेहूं की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। कटाई कर मड़ाई के लिए रखे गए गेहूं के बोझ भीग गए हैं, जिससे मड़ाई का कार्य रुक गया है। अब किसान गीले गेहूं को सुखाने में दिन-रात जुटे हैं।
तहसील क्षेत्र के सहनुडीह, बरौना, लल्लूगंज, चिकसावां, दुबरा, सोहौली समेत अन्य गांव के किसानों ने बताया कि जिन लोगों को पशुओं के खिलाने के लिए चारे की व्यवस्था करनी थी और अपने हाथ से गेहूं की कटाई किए हुए थे, उनका बंधा हुआ गेहूं का बंडल भीग गया है। अब उसे थ्रेसर से मड़ाई करने के लिए काफी समय लग रहा है। किसान जब तक उसे सुखाने की कोशिश कर रहे हैं, तब तक मौसम पलट जा रहा है। किसान ठाकुर एलडी सिंह ने बताया कि बिन मौसम बारिश ने हमारी मेहनत पर पानी फेर दिया है। गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश ने सब कुछ रोक दिया। शिवाजी सिंह ने बताया कि खेत में काट कर रखे गेहूं के बोझ बारिश से भीग गए, जिससे मड़ाई संभव नहीं हो पा रही है। अब बंडलों को सुखाने के लिए दिन रात मेहनत करनी पड़ रही है। बिन मौसम बारिश ने किसानों को दोहरी मार दी है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी