आजमगढ़। श्रावण मास प्रारंभ होने से पूर्व ही जनपद के सभी शिवालयों को सजाया गया था। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जनपद हर हर महादेव के नारों से गुंजायमान हो उठा। जनपद स्थित तकरीबन सभी शिवालयों में शिव भक्तों ने रूद्राभिषेक किया।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को शहर के भवरनाथ स्थित मंदिर पर सोमवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं का ताता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भांग, धतूर, बेलपत्र, पुष्प आदि चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का पूजन अर्चन किया। शहर सहित दूर दराज से आये श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया। इस दौरान वहां मेले जैसा दृश्य दिखाई दिया। इसी प्रकार मातवरगंज स्थित शिव प्रतिमा सहित अन्य मंदिरों पर लोगों ने जल चढ़ाया।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार दत्तात्रेय मंदिर पर हजारों भक्तों ने तमसा और कुंवर नदी के संगम से जल लेकर हर हर महादेव के नारों के साथ दुर्वासा में जाकर जलाभिषेक किया। मंदिर के महंत रवि बाबा ने बताया कि दत्तात्रेय स्थान पर बहुत ही प्राचीन मंदिर है। यह स्थान दत्तात्रेय जी की तपोस्थली है। यहां पर जो भक्त सच्चे मन से भगवान का पूजन अर्चन करता है उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है।
मार्टिनगंज प्रतिनिधि के अनुसार सावन के प्रथम सोमवार को कांवरियों का जत्था मारकंडेय महादेव कैथी से चलकर बंधवा महादेव मंदिर तथा पातालपुरी महादेव मंदिर चितारा महमूदपुर में भी जलाभिषेक किया।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार पहले सोमवार को प्रसिद्ध कैलेश्वर धाम मंदिर में रुद्राभिषेक व जलाभिषेक किया गया। कैलेश्वर धाम मंदिर पर सुबह से भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव पार्वती का जलाभिषेक किया। इसी क्रम में क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में भी श्रावण के प्रथम सोमवार को सुबह से ही महिलाओं, लड़कियों की भारी भीड़ लगी रही, तथा पूरे दिन कांवरियों का जत्था मंदिर परिसर पहुंचता रहा।