आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिधारी पुलिस ने महिला के गले से चेन छीनने के अपराध में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त बिहार के खगड़िया जिले का निवासी है, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर 3 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया था। तीन नवंबर को पुष्पा देवी पत्नी महेंद्र मौर्य, निवासी पल्हनी थाना सिधारी, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर से निकलते समय गली के मोड़ पर बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने झपट्टा मारकर उनकी गले की चेन छीन ली और फरार हो गए। इस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में थी।
विवेचना के दौरान अभियुक्त पिंकेश कुमार का नाम सामने आया, जिसकी तलाश की जा रही थी। थाना सिधारी की टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर रेलवे क्रॉसिंग मूसेपुर के पास से पिंकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र राम निवासी एकनिया, थाना मानसी, जिला खगड़िया (बिहार), को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पिंकेश कुमार ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने अपने साथी राजकुमार उर्फ डिम्पल पुत्र शेखर, निवासी सेठवल थाना रानी की सराय के साथ मिलकर 3 नवंबर को महिला की चेन छीनी थी। उसने बताया कि उसका साथी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में है और वह खुद भागने की फिराक में था, लेकिन पकड़ा गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल