फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह से ही घने कोहरे की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, वहीं ठंडी हवाओं के चलने से ठंड में भी इजाफा दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं किसानों और स्कूली छात्र, छात्राओं की परेशानियां भी बढ़ गई हैं।
सुबह के समय खेतों और सड़कों पर घना कोहरा छाए रहने से आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर ग्रामीण इलाकों में वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा। कई स्थानों पर सुबह के समय लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए।
मौसम में आई ठंडक से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में खड़ी सरसों, मटर और सब्जी की फसलों पर कोहरे का असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि लगातार कोहरा और नमी रहने से फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है। वहीं, गेहूं की शुरुआती फसल के लिए भी मौसम पर लगातार नजर रखनी पड़ रही है।
दूसरी ओर, ठंड और कोहरे के कारण स्कूली छात्र, छात्राओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को ठिठुरन में घर से निकलना पड़ रहा है। अभिभावकों ने छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से विद्यालयों के समय में बदलाव अथवा ठंड को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है तथा सुबह और देर रात को कोहरा छाया रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय