युवक को गोली मार बदमाशों ने लूटी चेन

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़-जौनपुर सीमा से सटे जूली गांव के पास शनिवार को अपराधियों ने दिन दहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बहन के घर से लौट रहे युवक को बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर पैर में गोली मारकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची आजमगढ़ और जौनपुर जिले की पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। मौके पर लेखपाल बुलाया गया है।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चौकी पिलखुआ गांव निवासी जगदीश यादव 45 वर्ष कलीचाबाद स्थित अपनी बहन के घर पर राखी बंधवाने के बाद जीवली बाजार स्थित अपने दूसरे आवास पर गए थे। शनिवार दोपहर को बाइक से अपने गांव चौकी पिलखुआ जा रहे थे। वह जीवली गांव स्थित चंद्रावती विद्यालय से कुछ ही दूर आगे बढ़े कि दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बाइक सवारों ने जगदीश से गौराबादशाहपुर जाने का रास्ता पूछा। जगदीश ने बाइक रोककर रास्ता बताया तभी एक बदमाश गले से सोने की चेन छीनने लगा। विरोध करने पर बाइक सवार दूसरे बदमाश ने जगदीश के पैर में गोली मार दी। इसके बाद बाइक सवार बदमाश चैन लेकर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर थानाध्यक्ष संजय सिंह और गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह घटना स्थल पर पहुंचे लेकिन दोनों जिलों की पुलिस सीमा विवाद को लेकर उलझ गई। मौके पर लेखपाल को बुलाया गया। समाचार लिखे जाने तक पैमाइश हो रही थी। इधर गोली लगने से घायल जगदीश किसी तरह बाइक लेकर अपने घर पहुंचा। सूचना पर उसके घर पहुंची गौराबादशाहपुर पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
रिपोर्ट-अद्या प्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *