आजमगढ़ (सृष्टि मीडिया)। बुधवार को क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश होने लगी। ऐसे में भीषण गर्मी से जहां लोगों को राहत मिली वहीं झमाझम हुई पहली बरसात ने नगर पंचायत की पोल खोल कर रख दी। जबकि नगर प्रशासन द्वारा यह दावा किया जाता रहा कि नगर को स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2022 के दौरान साफ सुथरा व हरा भरा बनाया जा रहा है।
पहली बरसात ने ही नगर प्रशासन की हकीकत बयां कर दी। नगर के लोहिया नगर वार्ड में सड़कों पर लबालब पानी भर गया जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वहीं लोहिया नगर वार्ड में सभी दुकानदारों की दुकानों में पानी घुस गया। बगल स्थित यूनियन बैंक की शाखा तक लबालब पानी भरा रहा जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं नालियां जाम होने की दशा में गंदगी और बदबूदार कीचड़ सड़कों पर बहने लगे। लोगों का आरोप है कि नगर प्रशासन द्वारा साफ सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय नगर वासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रिपोर्ट : आशीष कुमार निषाद