आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सर्द रातों में तो चोरी की घटनाएं आम बात है, लेकिन बेखौफ चोर अब गर्मी के दिनों में भी घटनाओं को अंजाम देने लगे हैं। दीदारगंज थाना क्षेत्र के करुई गांव में शुक्रवार की रात भोजन के बाद परिवार के लोग बरामदे में सो रहे थे और चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला। पीड़ित के अनुसार तीन हजार नकदी, जेवर के साथ चोरों ने बर्तन भी नहीं छोड़ा। गायब सामान की कीमत लगभग आठ लाख बताई गई है।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी पर थाने की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी फूलपुर, स्वान दल व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से जानकारी ली और साक्ष्य संकलन किया। जानकारी के मुताबिक करुई गांव के राजीव राजभर पुत्र स्व. महेंद्र के घर के लोग शुक्रवार की रात भोजन के बाद बाहर बरामदे में सो गए। रात में पीछे से छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने राजीव राजभर के तीन पुत्रियों व एक बहन के कमरों में रखे सोने व चांदी के लगभग आठ लाख कीमत के जेवर, बर्तन, इनवर्टर आदि गायब कर दिया। शनिवार सुबह सोकर उठने पर घर वालों ने दरवाजा खोला तो सारा सामान बिखरा देख अनहोनी की आशंका हुई। कमरों में गए, तो गोदरेज की अलमारी व छोटे-छोटे बाक्स टूटे पड़े थे। शोर सुनकर आसपास के लोगों के साथ सूचना पर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और घटना की जांच-पड़ताल में जुट गए। दो टूटा बक्सा घर के उत्तर तरफ 500 मीटर की दूरी पर खेत में पड़ा था, जिसे शौच के लिए गए लोगों ने देखा तो बताया। उधर सूचना पर क्षेत्राधिकारी फूलपुर अनिल कुमार वर्मा, स्वान दल व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित राजीव राजभर ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।
रिपोर्ट-सुबास लाल