आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा जिला प्रशासन एवं समेकित कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण केन्द्र (सीआरसी) गोरखपुर के संयुक्त तत्वाधान में हरिऔध कला केन्द्र में दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण हेतु आयोजित दो दिवसीय (23 व 24 सितम्बर) पर्पल मेला का दीप प्रज्वलन कर शुभारम्भ किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम दिव्यांगजनांे के सशक्तीकरण के लिए आयोजित किया गया है। उन्होने कहा कि मंत्रालय द्वारा सीआरसी के माध्यम से पूरे भारत में इस प्रकार के आयोजन कराया जाता है, जिससे ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगजनों का इसके माध्यम से और अधिक लाभान्वित किया जा सके। उन्होने कहा कि सीआरसी के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराया जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से दिव्यांगों के समावेशन में जहां मदद मिलती है, वहीं अलग-अलग प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधि, खेलकूद की गतिविधियों में शामिल होने पर दिव्यांगजनों का मनोबल भी बढ़ता है। पर्पल फेयर के माध्यम से देश के ज्यादा से ज्यादा दिव्यांगजनों तक पहुंच बनाई जा सकती है और उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाया जा सकता है। उन्होने कहा कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग पेंशन भरण पोषण योजना, उपकरण वितरण, बचपन डे केयर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा, दिव्यांगजन शादी विवाह सहायता राशि योजना, दुकान निर्माण आदि कई सारी योजनायें चलाती हैं। उन्होने कहा कि दिव्यांगजनों को उचित अवसर प्रदान किया जाए, तो वे भी सामान्य व्यक्ति की भांति अच्छा कार्य कर सकते हैं। उन्होने कहा कि दिव्यांगजनों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करें। उप निदेशक दिव्यांगजन मीनू सिंह, सीआरसी गोरखपुर के निदेशक जितेन्द्र यादव, डॉ. पंकज कुमार द्वारा भी दिव्यांगजनों के हित में किये जाने वाले कार्यों, संचालित योजनाओं, संचालित विद्यालयों आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर बचपन डे केयर सेन्टर, कैलाशी देवी शिक्षण संस्थान के दिव्यांग बच्चे एवं राजकीय बालिका इण्टर कालेज आजमगढ़ की छात्राएं, राजकीय इण्टर कालेज के छात्र एवं अध्यापक/अध्यापिकाएं तथा अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार