जर्जर खड़ंजा मार्ग बना ग्रामीणों की मुसीबत

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के ग्राम सभा बरईपुर अंतर्गत पत्थरा गांव में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जर्जर खड़ंजा मार्ग को पिच सड़क में बदलने की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा बरईपुर की आधी से अधिक आबादी पत्थरा गांव में निवास करती है, लेकिन गांव तक पहुंचने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबा खड़ंजा मार्ग ही एकमात्र रास्ता है। यह मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है, दोनों तरफ गड्ढे और जगह-जगह निकली ईंटें दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। लगभग तीन फीट तक पानी भर जाता है, जो पूरे बरसात भर जमा रहता है। बरईपुर गांव के आसपास स्थित बड़े-बड़े तालाबों का पानी इसी रास्ते से निकलता है, जिससे पूरा मार्ग जलमग्न रहता है। ऐसे में महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे स्कूली बच्चों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों ने मांग की कि इस सड़क को किसी भी सरकारी योजना के अंतर्गत ऊंचा कराकर पिच मार्ग बनाया जाए, ताकि जलनिकासी की समस्या दूर हो और आवागमन सुचारु हो सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर त्रिलोकीनाथ, ग्राम प्रधान कौशल, बीडीसी मुनील प्रजापति, रामभजन, राम अधार, गुड्डू, हनुमान, राजेंद्र, अंगद, बिंदु, भानुमति, रीता, शीला, सुभावती, मनभावती, सिंगारी, उर्मिला आदि मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-संतोष शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *