मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के मनिहा गांव निवासी 85 वर्षीय लाची देवी पत्नी स्व. सिल्लू यादव का शव रविवार की सुबह गांव के उत्तरी सिवान स्थित पोखरे में मिलने से सनसनी फैल गई। वह एक दिन पहले शनिवार की शाम घर से शौच के लिए निकली थीं। देर रात घर नहीं पहुंचीं तो मृतका के पुत्र संजय यादव काफी खोजबीन किए, लेकिन कहीं पता नहीं चला। उस समय बहू मायके गई थी और घर पर मां-बेटे ही थे। रविवार को सुबह ग्रामीणों ने पोखरे में उतराया शव देख लाची देवी के रूप में पहचान की। ग्रामीणों ने मृतका के बेटे संजय यादव को सूचना दी। घटनास्थल पहुंचकर शव को बेटा घर लाया और मेंहनगर थाने पर सूचना दी। थाना प्रभारी अनुराग कुमार के निर्देशन में सिंहपुर चौकी इंचार्ज पवन कुमार सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी