मोबाइल बिजी रहने पर सिरफिरे प्रेमी ने किशोरी को मार दी गोली

शेयर करे

वारदात के बाद आरोपी मौके से भागा, पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

भदोही। सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। सिरफिरे प्रेमी ने फोन करके प्रेमिका को मिलने के लिए बुलाया। वह अपनी छोटी बहन के साथ वहां पहुंची। वहां उसने प्रेमिका से बार-बार मोबाइल बिजी रहने का कारण पूछा। प्रेमिका इस सवाल पर नाराज हुई तो वह उखड़ गया। मारपीट करने लगा। फिर तमंचे सटाकर उसकी कनपटी पर गोली मार दी। लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही एनकाउंटर में हत्यारोपी अरविंद विश्वकर्मा और उसके भाई को पकड़ लिया।

सुरियावा थाने के एक गांव का मामला

एसपी डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक, आरोपी अरविंद ने बताया कि प्रेमिका मोबाइल पर किसी से बात करती थी। जब भी वह फोन लगाता। उसका फोन बिजी आता था। वह स्कूल जाती थी, तो भी फोन नहीं उठाती थी। अगर, कभी फोन उठ भी जाता था, तो काम बताकर काट देती थी। मैसेज करता था, लेकिन कोई रिप्लाई नहीं करती थी। हत्या की यह वारदात बुधवार देर रात सुरियावा थाने के एक गांव की है। आरोपी अरविंद विश्वकर्मा ऊंज थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव का रहने वाला है। अरविंद हाई स्कूल तक पढ़ा है। अभी वह ट्रैक्टर चलाता है। उसका डेढ़ साल से गांव की एक लड़की से अफेयर चल रहा था। वह क्लास-11 में पढ़ती थी।

बहन ने बताया पूरा सच

जानकारी के अनुसार, मृतका की बहन वारदात के वक्त मौके पर ही थी। उसने बताया कि बुधवार शाम से ही अरविंद बहन के मोबाइल पर लगातार फोन कर रहा था। लेकिन, बहन बार-बार फोन काट रही थी। रात में बहन ने उसका फोन उठा लिया। उसने एक बार मिलने की रिक्वेस्ट की। बहन को किसी तरह से राजी करके खेत में बुलाया। रात में बहन मुझे भी अपने साथ लेकर गई। अरविंद भी अपने भाई के साथ आया था। पहले तो अरविंद ने बहन से अच्छे से बात की, लेकिन कुछ देर बाद अरविंद ने बहन से मोबाइल बिजी आने का कारण पूछा। इसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। अरविंद मारपीट करने लगा। मैंने बीच बचाव की कोशिश की। मगर, इतने में अरविंद ने तमंचा निकाल लिया। उसने बहन की कनपटी पर गोली मार दी। गोली मारने के बाद अरविंद और उसका भाई मौके से भाग गए। मैं डर गई थी। भागती हुई घर आई। घरवालों को पूरी घटना के बारे में बताया। सभी लोग भागते हुए खेत पहुंचे। फिर पुलिस को सूचना दी गई।

मुठभेड़ में आरोपी और उसका भाई गिरफ्तार

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई टीम बनाई। एसपी ने बताया कि गुरुवार सुबह छह बजे बीरमपुर तिराहे के पास आरोपियों की लोकेशन मिली। वहां घेराबंदी की गई। आरोपी वहां से गुजरने तो उनको रोकने का प्रयास किया। लेकिन, आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अरविंद ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को मैंने कई मैसेज और कॉल किए। नंबर बिजी बताया, तो कॉल करता रहा। एक बार फोन उठा, तो बस एक बार मिलने को कहा। वह मान गई और मैंने उसके घर के पास ही उसे रात को मिलने बुला लिया। वह अपनी बहन के साथ मिलने आ गई। तमंचा लेकर अपने भाई के साथ गया था। मैंने उससे फोन दिखाने को कहा तो वो झगड़ा करने लगी। मैंने बोला किसी और से बात करती हो तो बात को टाल गई। इसके बाद मैंने तमंचा निकाला और कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। इसके बाद वहां से भाग आया।

आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए : परिजन

एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही प्रेमी अरविंद और उसके भाई उसके भाई सुनील विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने 20 दिन पहले मीरजापुर से तमंचा खरीदा था। वहीं, मृतका के घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने रोते हुए कहा कि मेरी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था? उसको मारने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *