लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के आह्वान पर पूरे प्रदेश में एक जून से 16 जून तक प्रदेश के सभी जनपदों के सभी तहसीलों में उप जिलाधिकारी के माध्यम से 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को भेजा जा रहा है। उक्त के क्रम में बुधवार को एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसील लालगंज में विकासखंड लालगंज के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार, ब्लॉक ठेकमा के राजाराम, ब्लॉक पल्हना के कमलेश यादव, संगठन के जिलाध्यक्ष सीपी यादव, जिला मंत्री ओमकार नाथ की मौजूदगी में अपने साथियों के साथ 7 सूत्री मांगों का ज्ञापन तहसीलदार लालगंज शैलेंद्र कुमार सिंह को सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष सीपी यादव तथा जिला मंत्री ओमकार नाथ ने बताया कि लंबे समय से संगठन की ओर से सफाई कर्मचारियों को माह जून 2023 में ग्राम पंचायत अधिकारी की होने वाली चयन प्रक्रिया में 20 प्रतिशत ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर प्रमोशन दिया जाए। सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली बनाई जाए, सफाई कर्मचारियों का पद नाम परिवर्तित करके पंचायत सेवक किया जाए। सफाई कर्मचारियों को 1800 ग्रेड पे के स्थान पर 1900 ग्रेड पे दिया जाए। प्रधान के नियंत्रण से मुक्त किया जाए। पुरानी पेंशन बहाल की जाए तथा समस्त कर्मचारियों को पदोन्नति दिए जाने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो हम संगठन के कर्मचारी जिला मुख्यालय पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में संजय सोनकर, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार, मेवालाल, महेंद्र तिवारी, विनोद चौहान, मनोज गुप्ता, प्रमोद यादव, कुसुम तिवारी, रामप्रसाद, रामचंद्र यादव, दिनेश, प्रदीप यादव आदि ब्लॉक कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मुन्ना पाण्डेय