रात में सोया और सुबह पोखरे में हमेशा के लिए सोया मिला बालक

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महराजगंज थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी संतविजय राम के सात वर्षीय बेटे सुन्दरम का संदिग्ध हाल में घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर पोखरे में उतराया हुआ शव मिला। रात में खा-पीकर सोया बालक किस स्थिति में तालाब में पहुंच गया, यह अबूझ पहेली बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिवार के सभी सदस्य खा-पी कर सो रहे थे। रात लगभग 12 बजे संतविजय राम की नींद टूटी तो देखा कि उनका तीसरे नंबर का सात वर्षीय बेटा सुन्दरम अपने बिस्तर पर नहीं है। इधर-उधर खोजने के बाद न मिलने पर आशंका हुई तो लोगों को जगाकर जानकारी दी। काफी देर बाद घर से लगभग 150 मीटर दक्षिण तरफ स्थित पोखरे में बच्चे का उतराया हुआ शव दिखा। इससे स्वजन में करुण क्रन्दन मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव को पोखर से बाहर निकाला। घटना की जानकारी पाकर गांव निवासी जिला पंचायत सदस्य निरंजन कुमार ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। रात लगभग तीन बजे घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया। मृत सुंदरम चार भाइयों व दो बहनों के बीच तीसरे नंबर का था। बिस्तर से वह तालाब में कैसे पहुंचा इसके लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
घटना को लेकर चल रहा था दिमागी मंथन
महराजगंज आजमगढ़। घटना को लेकर हर तरफ इस बात को लेकर मंथन चल रहा था कि आखिर सुंदरम डेढ़ सौ मीटर दूर रात में कैसे पहुंच सकता है। यह किसी की समझ में नहीं आ रहा था। दूसरी बात इसलिए हजम नहीं हो रही है कि सात साल का बालक आखिर किसी का क्या बिगाड़ सकता है, जो उसके साथ कोई ऐसा करता। बहरहाल, रात में चलने की आशंका सहित तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *